भारतीय दूतावास ने बनाई कंट्रोल रूम व्यवस्था, प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर
नई दिल्ली/हनोई: वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के निकट शनिवार को भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव के पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है। कई लोगों के लापता होने की आशंका के बीच रेस्क्यू टीमों द्वारा व्यापक स्तर पर खोज अभियान चलाया जा रहा है। भारतीय अधिकारी भी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

हादसे की जानकारी मिलते ही वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फू क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव पलट गई है। दूतावास ने कहा कि हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है तथा स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की जा रही है।
दूतावास ने बताया कि प्रभावित परिवारों की सहायता और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास (कॉन्सुलेट जनरल) में एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके अलावा हनोई में भी अलग से कंट्रोल रूम बनाया गया है, ताकि जरूरतमंद लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर……
हो ची मिन्ह सिटी (Consulate General):
+84 36 281 7930
+84 91 552 37 14
+84 33 452 0414
हनोई कंट्रोल रूम:
+84 91 308 9165
भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए चौबीसों घंटे उपलब्ध है। वहीं, हादसे के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। स्थानीय प्रशासन मामले की जांच के साथ-साथ लापता लोगों की तलाश में युद्धस्तर पर अभियान चला रहा है।

