जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित टाउन हॉल के समीप शनिवार रात करीब 9 बजे एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में बारीडीह निवासी अभिषेक गिरी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से उन्हें तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. जानकारी के अनुसार, अभिषेक गिरी शनिवार रात मानगो से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान टाउन हॉल के पास पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और अचानक चापड़ से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

घायल अभिषेक गिरी ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान उनकी जेब में रखे ₹10 हजार नकद भी निकाल लिए। उन्होंने अमित सिंह, अभिषेक सिंह, रितिक सिंह और देप्पू पर हमला करने का आरोप लगाया है. घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आरोपियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस घटना में अजय रविदास नामक एक अन्य युवक को भी नाक और हाथ में चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों घायलों के बयान अलग-अलग हैं, जिसके कारण पूरे घटनाक्रम की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और दोषियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

