मैथन में छापेमारी के बाद हजारीबाग लौट रही थी पुलिस टीम, चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने से हुआ हादसा

धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक कांस्टेबल की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो अन्य खतरे से बाहर हैं।जानकारी के अनुसार, यह हादसा बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित जीटी रोड पर मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। पुलिस की टीम धनबाद के मैथन बांध चौकी क्षेत्र में छापेमारी की कार्रवाई पूरी कर हजारीबाग लौट रही थी। इसी दौरान पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराया. चलकुशा थाना प्रभारी सूर्यकांत ने बताया कि हादसे में मृत कांस्टेबल की पहचान कोडरमा जिले के जयनगर निवासी राम लखन यादव (55 वर्ष) के रूप में हुई है।
वहीं, धनबाद के पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-1) कुमार विनोद ने बताया कि छापेमारी के लिए तीन कांस्टेबल और एक चालक को धनबाद भेजा गया था। वापसी के दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हो गया. हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

