जमशेदपुर : बर्मामाइंस स्थित ईस्ट प्लांट बस्ती में पेयजल की गुणवत्ता एवं अनियमित जलापूर्ति को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को समाजसेवी अभिषेक सिंह के नेतृत्व में बस्ती के एक प्रतिनिधिमंडल ने जुस्को टाउन ऑफिस पहुंचकर महाप्रबंधक से मुलाकात की और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ईस्ट प्लांट बस्ती में पिछले कई दिनों से गंदे एवं दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है, जो पीने योग्य नहीं है। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है। इसके अलावा जलापूर्ति भी निर्धारित समय पर नहीं हो रही है। सुबह छह बजे होने वाली पानी की सप्लाई कई बार आठ बजे तक पहुंचती है, जबकि शाम पांच बजे की जगह रात 10 बजे तक पानी मिलने की शिकायत है। इससे लोगों की दैनिक दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है। प्रतिनिधिमंडल ने जुस्को प्रबंधन से जल्द से जल्द स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, जलापूर्ति को नियमित करने तथा स्थानीय समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की। महाप्रबंधक ने प्रतिनिधियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
महाप्रबंधक से मिलने वालों में रंजीत झा, कमल नारायण चौबे, रामानुज चौबे, सुमन पांडे, धनंजय सिंह, मंजीत कुमार, लखविंदर महतो, अमर सिंह, अक्षय सिंह, चंदन झा, बिल्टू कुमार, रंजीत राउत, गुरबीर सिंह, सागर दुबे, रोशन कुमार, आयुष कुमार, रंजन कुमार सहित बस्ती के अन्य लोग उपस्थित थे।

