जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित 12 दुकानों का ताला तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान तथा ताला काटने में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

उलीडीह थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकद्दर सामद, गौतम हेंब्रम, विक्की मुखी और शंकर हेंब्रम के रूप में हुई है। सभी आरोपी उलीडीह थाना क्षेत्र के कचरा बस्ती के रहने वाले हैं।
डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शंकर हेंब्रम का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी जेल जा चुका है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि 11 और 12 जुलाई की दरमियानी रात चोरों ने डिमना रोड स्थित एक के बाद एक 12 दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की थी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। चोरी की चपेट में गुप्ता इलेक्ट्रिक, आटा चक्की, फल दुकान, सुमन स्टोर, वैभव लक्ष्मी मेडिकल, शिव स्टोर, गीतांजलि स्टोर समेत कुल 12 दुकानें आई थीं।
घटना के बाद उलीडीह पुलिस ने विशेष जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की पूरी वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान और ताला तोड़ने में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद कर लिए गए।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का किसी अन्य चोरी की घटनाओं से भी संबंध है या नहीं। एक ही रात 12 दुकानों में चोरी की इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा होने से व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
