हजारों छात्र-युवा जुटे, संसद मार्ग पर कड़ी सुरक्षा… घायलों का इलाज जारी, हाईकोर्ट ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार
नई दिल्ली : नीट पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आह्वान पर जंतर-मंतर में चल रहा आंदोलन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र, युवा और समर्थक जुटे, जबकि संसद की ओर प्रस्तावित मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी। संसद मार्ग सहित कई संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

15 से 20 हजार प्रदर्शनकारियों के जुटने का दावा…….
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने संसद मार्च जारी रखने की घोषणा की। इसके बाद मंगलवार सुबह से ही दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों से छात्र और समर्थक जंतर-मंतर पहुंचने लगे। आयोजकों ने प्रदर्शन में 15 से 20 हजार लोगों के शामिल होने का दावा किया है। हालांकि, इस संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
संसद मार्च को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी……
सोमवार को प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प के बाद दिल्ली पुलिस पूरी तरह सतर्क है। संसद की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बैरिकेडिंग की गई है तथा सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस और अर्द्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी……
सोमवार को हुई झड़प में कई प्रदर्शनकारी और पुलिसकर्मी घायल हुए थे। घायलों का उपचार डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज, सफदरजंग अस्पताल समेत अन्य सरकारी अस्पतालों में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश घायलों की स्थिति स्थिर है और उनकी लगातार निगरानी की जा रही है।
जेपी नड्डा ने अस्पताल पहुंचकर लिया हालचाल…..
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली और सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बल प्रयोग के खिलाफ याचिका पर तत्काल राहत नहीं……
जंतर-मंतर से संसद तक निकाले गए मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा कथित बल प्रयोग के विरोध में दायर जनहित याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। अदालत ने मामले पर नियमित प्रक्रिया के तहत सुनवाई करने की बात कही है।
अरविंद केजरीवाल ने भी अस्पताल में की मुलाकात…..
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली. राजधानी में प्रदर्शन और संसद मार्च को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं, पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

