डालटनगंज : पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत बिठरा गांव की सातवीं कक्षा की छात्रा अफसाना खातून पिछले दो माह से लापता है। परिजनों का आरोप है कि स्कूल से घर लौटने के दौरान उसका अपहरण कर लिया गया था। घटना के दो महीने बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक छात्रा को बरामद नहीं कर सकी है, जिससे परिवार गहरे सदमे और चिंता में है. बताया गया कि अफसाना खातून बिठरा मध्य विद्यालय में कक्षा सातवीं की छात्रा है। छात्रा की मां मुनेजा बीबी एवं पिता मुख्तार मियां ने पांकी थाना में उजेन्द्र उरांव के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया है।

परिजनों के अनुसार, 22 मई 2026 को अफसाना स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसका कथित रूप से अपहरण कर लिया गया। परिवार ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन छात्रा का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका। बाद में मामले की प्राथमिकी पांकी थाना में दर्ज कराई गई. पीड़ित पिता मुख्तार मियां का आरोप है कि पुलिस मामले में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने पलामू के पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप कर छात्रा की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है।
जनता से अपील……
यदि किसी व्यक्ति को अफसाना खातून के संबंध में कोई भी जानकारी मिले, तो कृपया तत्काल अपने नजदीकी थाना को सूचित करें अथवा निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क करें:
📞 8002847030
📞 9955118948
