जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में एमजीएम मेडिकल कॉलेज के दो जूनियर डॉक्टरों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान काशीडीह निवासी डॉ. समीर और पलामू (डालटनगंज) निवासी डॉ. सक्षम सिंह के रूप में हुई है। वहीं उनके साथी डॉ. यश, जो सोनारी के रहने वाले हैं, किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे। घटना के बाद एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में शोक की लहर दौड़ गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, एमजीएम मेडिकल कॉलेज के तीनों जूनियर डॉक्टर गुरुवार रात अस्पताल में नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद शुक्रवार तड़के घूमने के लिए डिमना लेक पहुंचे थे। बताया जाता है कि भ्रमण के दौरान वे प्रतिबंधित क्षेत्र की ओर चले गए। इसी बीच एक डॉक्टर का मोबाइल फोन पानी में गिर गया। मोबाइल निकालने के प्रयास में तीनों गहरे पानी में उतर गए।

बताया जा रहा है कि डॉ. यश किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन डॉ. समीर और डॉ. सक्षम सिंह गहरे पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर व्यापक सर्च अभियान शुरू किया. कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सबसे पहले डॉ. सक्षम सिंह का शव बरामद किया गया। इसके बाद लगातार खोजबीन जारी रही और अंततः डॉ. समीर का शव भी पानी से निकाल लिया गया। दोनों शव मिलने के साथ ही बचाव अभियान समाप्त कर दिया गया।
https://www.instagram.com/reel/DbKZhs_T5aC/?igsh=MXNyaGs1MWliMHBoaw==
हादसे की सूचना मिलते ही एमजीएम अस्पताल के डॉक्टर, मेडिकल छात्र एवं दोनों चिकित्सकों के परिजन बड़ी संख्या में डिमना लेक पहुंच गए। पूरे क्षेत्र में गमगीन माहौल बना रहा। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा गहरे पानी में उतरने के दौरान हुआ। हालांकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।
