जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित रीगल गोलचक्कर के समीप कुछ यातायात पुलिसकर्मियों द्वारा एक व्यक्ति से रुपये लेने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने तत्काल जांच के आदेश दिए. एसएसपी के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) द्वारा पूरे मामले की जांच की गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने तीनों संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में सहायक अवर निरीक्षक (सअनि) ललन सिंह, आरक्षी संख्या-1156 पंकज कुमार तथा आरक्षी संख्या-950 प्रकाश साव शामिल हैं. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विभाग में अनुशासनहीनता अथवा भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
