जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ओल्ड उरांव बस्ती में शनिवार सुबह अखबार वितरण के दौरान एक समाचार पत्र विक्रेता पर चाकू और ब्लेड से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में घायल अखबार विक्रेता नारायण कर की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहन लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है. जानकारी के अनुसार, भालूबासा निवासी नारायण कर प्रतिदिन की तरह शनिवार सुबह करीब 10 बजे ओल्ड उरांव बस्ती में बाइक से समाचार पत्र बांटने पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक उनके पास आया और बैग से अखबार निकालने लगा। नारायण कर द्वारा इसका विरोध किए जाने पर युवक ने अखबार से भरा बैग छीन लिया और भागने लगा. नारायण कर ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का पीछा किया और उसे पकड़कर अपना बैग वापस ले लिया। इसके बाद जब वह बैग लेकर अपनी बाइक के पास पहुंचे और उसे रखने लगे, तभी आरोपी पीछे से आया और चाकू एवं ब्लेड से उनकी पीठ पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में नारायण कर घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद घायल नारायण कर सीतारामडेरा थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहन लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। वहीं, दिनदहाड़े अखबार विक्रेता पर हुए इस हमले से स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
