जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देशानुसार सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जिले में जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) एवं पुलिस उपाधीक्षक, मुसाबनी के नेतृत्व में बागबेड़ा थाना क्षेत्र तथा मुसाबनी स्थित अग्रसेन भवन में लोगों को नशा मुक्ति, डायल-112 सेवा, यातायात नियमों और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। साथ ही डायल-112 आपातकालीन सेवा के महत्व, सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों के पालन तथा महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में आम नागरिकों की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी आपराधिक गतिविधि, नशाखोरी या महिला उत्पीड़न की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
