जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र में बुधवार की अहले सुबह करीब 3:30 बजे पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में सनसनी फैल गई। सोनारी के फागु बाबा श्मशान घाट के पास हुई इस मुठभेड़ में दो अपराधियों को गोली लगी है। घायलों की पहचान मोहन यादव और अजीत मंडल के रूप में हुई है। दोनों को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस के अनुसार, दोनों अपराधी सोनारी के बिंदल मॉल स्थित उडीपी रेस्टोरेंट गोलीकांड के मुख्य शूटर बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों को दिल्ली से गिरफ्तार करने के बाद जमशेदपुर लाया था। बुधवार तड़के पुलिस टीम दोनों को घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए फागु बाबा श्मशान घाट लेकर पहुंची थी।

हथियार निकालते ही पुलिस पर फायरिंग का आरोप…..
बताया जाता है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिस को उस स्थान की जानकारी दी, जहां कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल छिपाई गई थी। पुलिस टीम जब हथियार की बरामदगी के लिए मौके पर पहुंची तो दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर छिपाई गई पिस्टल निकाल ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में दोनों के निचले हिस्से में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने मौके से हथियार बरामद कर लिया। दोनों घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल भेजा गया।
एसएसपी समेत आला अधिकारी पहुंचे मौके पर……
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही जमशेदपुर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी ललित मीणा समेत पुलिस के कई वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर घटनास्थल को सील कर दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
उडीपी रेस्टोरेंट गोलीकांड से जुड़ा है मामला……
पुलिस के अनुसार, मोहन यादव और अजीत मंडल का नाम सोनारी बिंदल मॉल स्थित उडीपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग की वारदात से जुड़ा है। इस गोलीकांड में रेस्टोरेंट में बैठे चार लोगों को गोली मारी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए दोनों संदिग्ध शूटरों को दिल्ली से गिरफ्तार किया था. अब हथियार की बरामदगी के दौरान हुई कथित पुलिस मुठभेड़ ने इस पूरे गोलीकांड की जांच को एक नया मोड़ दे दिया है। पुलिस बरामद हथियार और मुठभेड़ की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
