गुमला से ऑल्टो कार में पहुंचे थे चार युवक, पुलिस ने जंगल से तीन को छुड़ाया; एफआईआर दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
खूंटी : खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र स्थित रूमतकेल पंचायत के बिंदबेदरी गांव में बकरी चोरी के आरोप में ग्रामीणों द्वारा कानून हाथ में लेने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि चार युवकों को पकड़कर ग्रामीणों ने हॉकी स्टिक, लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, फिर गांव के समीप जंगल में अलग-अलग पेड़ों से बांधकर पूरी रात छोड़ दिया। सोमवार सुबह पुलिस ने तीन युवकों को मुक्त कराया, लेकिन गंभीर रूप से घायल एक युवक की अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात करीब 12 बजे चार युवक ऑल्टो कार से बिंदबेदरी गांव पहुंचे थे। आरोप है कि वे बकरियां चोरी कर कार में लाद रहे थे। इसी दौरान बकरियों की आवाज सुनकर ग्रामीणों की नींद खुल गई। देखते ही देखते 35 से 40 ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और चारों युवकों को घेरकर पकड़ लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीणों ने चारों युवकों की हॉकी स्टिक और लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की। इसके बाद उन्हें रस्सी से बांधकर गांव के पास स्थित जंगल में ले जाया गया, जहां सभी को अलग-अलग पेड़ों से बांध दिया गया। रात के दौरान गुड्डू अंसारी किसी तरह बंधन से मुक्त होकर ऑल्टो कार लेकर वहां से फरार हो गया।
सोमवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जंगल से दिलदार अंसारी, फिरोज अंसारी और निजाम अंसारी को मुक्त कराया। गंभीर रूप से घायल दिलदार अंसारी को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। फिरोज अंसारी का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि निजाम अंसारी को अपेक्षाकृत कम चोटें आई हैं।
सिसई के रहने वाले हैं चारों युवक……
अस्पताल में भर्ती फिरोज अंसारी ने पुलिस को बताया कि चारों युवक गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र के बनानी गांव के निवासी हैं। उसका आरोप है कि ग्रामीणों ने पकड़ने के बाद पूरी रात उन्हें जंगल में पेड़ों से बांधकर रखा और लगातार मारपीट की।
एफआईआर दर्ज, ग्रामीणों की पहचान में जुटी पुलिस……
एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चारों युवकों के बकरी चोरी की नीयत से गांव आने की बात सामने आई है। घायल निजाम अंसारी के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना में शामिल ग्रामीणों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। घटना ने एक बार फिर कानून हाथ में लेने और भीड़ हिंसा (मॉब वायलेंस) को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
