जमशेदपुर : सायंकाल महादेव शिव शंकर धाम मंदिर, शांति वैली के प्रांगण से बोल बम सेवा ट्रस्ट द्वारा देवघर में आयोजित होने वाले सेवा शिविर हेतु खाद्य सामग्री एवं सेवादारों के जत्थे को विधिवत सेवा संकल्प दिलाकर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों के रूप में माननीय सरयू राय (विधायक, जमशेदपुर पश्चिम), कुणाल सारंगी (प्रवक्ता, झामुमो), चंद्र गुप्त सिंह एवं कौशिक दत्ता (एडमिन हेड, TRF) उपस्थित रहे। इनके साथ ट्रस्ट के सभी ट्रस्टीगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पंकज सिंह, राकेश सिंह, अनीश कुमार, इंद्रजीत सिंह, अनुप नंदी, कपिल देव मिश्रा, बाबन पांडेय, राहुल तिवारी, उमा शंकर, बिनय शंकर, मंटू, निशांत, मंटू तिवारी एवं बसंत सहित अनेक सेवादार एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। बोल बम सेवा ट्रस्ट पिछले लगातार पाँच वर्षों से श्रावणी मेले के दौरान सुल्तानगंज से देवघर जाने वाले कच्ची कांवरिया पथ पर स्थित धोबई चक, तारापुर (बिहार) में विशाल एवं पूर्णतः निःशुल्क सेवा शिविर का आयोजन करता आ रहा है। इस सेवा शिविर में प्रतिदिन लगभग 10,000 श्रद्धालुओं के लिए महाभंडारा (अन्नपूर्णा सेवा) की व्यवस्था की जाती है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए फलाहार, निःशुल्क चिकित्सा सुविधा, विश्राम स्थल, स्वच्छ शौचालय, डाक बम सेवा, चाय, शीतल पेयजल, शरबत सहित अनेक आवश्यक सेवाएँ पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।
बोल बम सेवा ट्रस्ट का उद्देश्य “नर सेवा ही नारायण सेवा” की भावना के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा पर निकले प्रत्येक श्रद्धालु की निःस्वार्थ सेवा करना है। इसी सेवा संकल्प के साथ इस वर्ष भी ट्रस्ट द्वारा सेवा, समर्पण एवं मानव कल्याण के उद्देश्य से विविध जनसेवा गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।
