जमशेदपुर : एमजीएम थाना पुलिस ने बालीगुमा इलाके में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार शोरूम के पास स्थित एक गुमटी में छापेमारी कर 2 किलो 60 ग्राम गांजा और 7 बोतल प्रतिबंधित नशीली सिरप बरामद की है। पुलिस ने मौके से नकदी, वजन मशीन और चिलम भी जब्त किए हैं. गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितेश कुमार झा उर्फ राजू के रूप में हुई है। वह बालीगुमा का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर गुमटी की आड़ में नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहा था।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने मारा छापा…..
रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बालीगुमा इलाके में एक युवक गुमटी के माध्यम से नशीले पदार्थों का कारोबार कर रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने चिन्हित स्थान पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान पुलिस को 2 किलो 60 ग्राम गांजा, 7 बोतल प्रतिबंधित नशीली सिरप, 3,320 रुपये नकद, एक डिजिटल वजन मशीन और 11 पीस चिलम बरामद हुए।
एक लाख रुपये का गांजा बरामद…..
पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। वहीं, जब्त की गई नशीली सिरप की कीमत लगभग 2,100 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया है।
लंबे समय से कारोबार का शक…..
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि आरोपी काफी समय से गुमटी की आड़ में नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थों की आपूर्ति आरोपी तक कहां से होती थी और इस अवैध कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं. गिरफ्तार आरोपी नितेश कुमार झा उर्फ राजू को पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
