जमशेदपुर : मानगो में निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 71 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। पायल सिनेमा और वन विभाग के समीप फ्लाईओवर के ऊपरी हिस्से में काम पूरा करने के बाद नीचे लौट रहे मजदूर रमेश महतो का अचानक पैर फिसल गया। देखते ही देखते वह काफी ऊंचाई से नीचे जा गिरे। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद सहकर्मियों और अन्य लोगों ने आनन-फानन में घायल रमेश महतो को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. बताया गया है कि रमेश महतो पश्चिम बंगाल के डालकोला के रहने वाले थे और निर्माण कार्य में मजदूरी करते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल…..
हादसे के बाद निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। ऊंचाई पर काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा के लिए सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट, सुरक्षा जाल समेत अन्य आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता और उनके इस्तेमाल की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. मजदूरों की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही तो नहीं बरती गई, क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था और हादसे के वक्त आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे या नहीं—इन तमाम बिंदुओं की जांच जरूरी है. फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। लेकिन 71 वर्षीय श्रमिक की मौत ने निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर सुरक्षा इंतजामों की हकीकत पर एक बड़ा सवाल जरूर खड़ा कर दिया है।
