जमशेदपुर : कमलपुर थाना क्षेत्र के बांगुड़दा पुलिया में मंगलवार देर रात एक अनियंत्रित खाली ट्रक पुलिया की रेलिंग से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बराभूम-बांदोवान मुख्य सड़क करीब पांच घंटे तक पूरी तरह जाम रही, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक पुरुलिया से जमशेदपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया की रेलिंग से जा टकराया। टक्कर के बाद ट्रक सड़क पर फंस गया और दोनों ओर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई।

सूचना मिलने पर कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार और अवर निरीक्षक पुरुषोत्तम कुमार राय मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की। चालक ने पुलिस को बताया कि झपकी आने के कारण वाहन पर उसका नियंत्रण नहीं रहा। हादसे में चालक को चोट नहीं आई, हालांकि पुलिया की रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई। बुधवार सुबह करीब सात बजे जमशेदपुर से क्रेन मंगाई गई। क्रेन की मदद से ट्रक को हटाया गया, जिसके बाद करीब साढ़े सात बजे सड़क को वाहनों के आवागमन के लिए साफ कराया जा सका।
