जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल, जूनियर इंजीनियर और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं का उठाया मुद्दा
जमशेदपुर : झारखंड में विभिन्न प्रतियोगी एवं भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर राष्ट्रीय योगी सेना ने गंभीर चिंता जताई है। संगठन के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष नन्दकिशोर चौधरी ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर पेपर लीक से जुड़े मामलों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में संगठन ने जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल, जूनियर इंजीनियर, उत्पाद सिपाही समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा है कि पेपर लीक एवं भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी अन्य अनियमितताओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है। संगठन के अनुसार, वर्षों तक मेहनत कर परीक्षा की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के सामने ऐसी घटनाओं के कारण निराशा की स्थिति उत्पन्न होती है और परीक्षा प्रणाली एवं प्रशासन के प्रति उनका भरोसा भी प्रभावित होता है।
राष्ट्रीय योगी सेना ने राज्यपाल से मांग की है कि झारखंड में सामने आए सभी पेपर लीक प्रकरणों और उनसे जुड़े मामलों की सीबीआई से जांच कराई जाए। जांच में किसी व्यक्ति, अधिकारी अथवा संगठन की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि पेपर लीक की घटनाओं से प्रतिभाशाली युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। कई अभ्यर्थियों की आयु सीमा समाप्त हो जाती है, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए दोबारा परीक्षा की तैयारी करना भी मुश्किल हो जाता है। इससे कई अभ्यर्थी अपने अवसरों से वंचित रह जाते हैं।
संगठन ने प्रभावित अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा के लिए विशेष व्यवस्था करने तथा भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग की है. ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रीय योगी सेना ने राज्यपाल से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए युवाओं के हित में उचित कार्रवाई करने की अपील की है।
