जमशेदपुर। श्रीनाथ विश्वविद्यालय में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं, कर्मचारी एवं विश्वविद्यालय के पदाधिकारी शामिल हुए। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और विद्यार्थियों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुई। समारोह के मुख्य अतिथि शंभू संध्या ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं श्रीनाथ विश्वविद्यालय के संस्थापक शंभू महतो तथा श्रीमती संध्या महतो ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति सम्मान और एकजुटता की भावना व्यक्त की।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुखदेव महतो, कैंपस डायरेक्टर कौशिक मिश्रा, कुलपति प्रो. डॉ. एस.एन. सिंह, रजिस्ट्रार डॉ याह्या मजूमदार, डीन एडमिनिस्ट्रेशन डॉ जे राजेश, परीक्षा नियंत्रक ओम प्रकाश शर्मा सहित विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। ध्वजारोहण समारोह के बाद विश्वविद्यालय के सभागार में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मंच पर उपस्थित अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके बाद विद्यार्थियों एवं उपस्थित अतिथियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गाया, जिससे पूरा सभागार देशभक्ति की भावना से भर उठा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्रीनाथ विश्वविद्यालय और श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में स्वागत नृत्य, देशभक्ति गीत, नृत्य प्रस्तुतियां और देश की एकता एवं अखंडता को समर्पित नाटक प्रमुख आकर्षण रहे। विशेष रूप से देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावुक कर दिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों पर सभागार लगातार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। नाटक और गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, देश के प्रति समर्पण तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और देश के प्रति कर्तव्य की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की प्रगति में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में उत्सव और देशभक्ति का माहौल बना रहा। छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया और स्वतंत्रता दिवस की भावना को जीवंत किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का विधिवत समापन हुआ।


























































