जमशेदपुर : धतकीडीह मुखी बस्ती में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। बस्ती में आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में सामाजिक कार्यकर्ता सह वरिष्ठ पत्रकार अन्नी अमृता, सत्यवान मुखी और सुनीता मुखी ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में बस्तीवासी और बच्चे मौजूद रहे. सत्यवान मुखी के नेतृत्व में उनकी गली में आयोजित कार्यक्रम में अन्नी अमृता बतौर अतिथि शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। इसके बाद अन्नी अमृता ने सत्यवान मुखी के सहयोग से तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद सभी ने राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ गाया. इस अवसर पर लोगों और बच्चों को संबोधित करते हुए अन्नी अमृता ने कहा कि आज देशवासी खुलकर सांस ले रहे हैं और स्वतंत्र जीवन जी रहे हैं, तो इसके पीछे उन वीर शहीदों का बलिदान है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के आह्वान पर शुरू हुए असहयोग आंदोलन समेत आजादी के संघर्ष में देश के अनगिनत लोगों ने अपना योगदान दिया। उन्हीं के त्याग और संघर्ष का परिणाम आजादी है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों और बड़ों के बीच टॉफियां वितरित की गईं। बस्ती के बच्चों ने ‘देश रंगीला-रंगीला’ गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर देश के प्रति अपना प्रेम और उत्साह प्रकट किया। अन्नी अमृता ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें स्वतंत्रता के महत्व के साथ-साथ शिक्षा के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी. इस दौरान सत्यवान मुखी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में बस्तीवासी जुटे। सत्यवान मुखी की पत्नी एवं सामाजिक कार्यकर्ता स्वित्सा मुखी ने अन्नी अमृता को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
वहीं, दूसरा कार्यक्रम दिवंगत मुखिया सुरेश मुखी की पत्नी सुनीता मुखी के नेतृत्व में मंदिर के समीप आयोजित किया गया। सुनीता मुखी ने अतिथियों के साथ ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को बेहतर शिक्षा हासिल कर समाज और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया. कार्यक्रम के दौरान लोगों ने दिवंगत नेता सुरेश मुखी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सामाजिक योगदान को याद किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन में अमृत मुखी, सन्नी मुखी, श्रवण मुखी और पूनम मुखी समेत अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


























































