जमशेदपुर : बिरसानगर जोन-6 स्थित सरिता अपार्टमेंट में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस बेहद धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सुबह-सुबह अपार्टमेंट परिसर में ध्वजारोहण किया गया, जिसमें बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देने और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद गूंजे “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों से पूरा परिसर देशभक्ति के रंगों में रंग गया। ध्वजारोहण के उपरांत कॉलोनी के निवासियों, विशेषकर बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसने समारोह में चार चांद लगा दिए।
इस अवसर पर सभी ने देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को नमन किया और आपसी भाईचारे तथा देश की एकता को बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों के बीच मिठाइयाँ बांटी गईं, जिससे पूरे माहौल में उत्सव और खुशी की लहर दौड़ गई।


