जमशेदपुर : तुरी समाज जमशेदपुर के तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में समाज की वरिष्ठ महिला सदस्य शांति देवी, वरिष्ठ सदस्य एवं सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी विजय तुरी तथा तुरी समाज जमशेदपुर के जिलाध्यक्ष मनीष कुमार प्रसाद ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी. ध्वजारोहण के बाद बच्चों और युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। खेलकूद प्रतियोगिता, क्विज और पारंपरिक हंडी फोड़ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों और युवाओं का उत्साह देखते ही बना।
समारोह का मुख्य आकर्षण प्रतिभा सम्मान समारोह रहा। इसमें मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने और शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. कार्यक्रम को सफल बनाने में तुरी समाज के जिलाध्यक्ष मनीष कुमार प्रसाद, सचिव शिवा राम, कैशियर हेमंत राम, कार्यकारिणी समिति के सभी सदस्यों सहित समाज के लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह में समाज के लोगों ने एकजुटता के साथ भाग लेते हुए स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं।


