रांची : रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 25 दिनों से चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (AIDSO) ने इसे झारखंड के छात्र आंदोलन के इतिहास की ऐतिहासिक जीत बताया है। AIDSO झारखंड राज्य सचिव सोहन महतो ने आंदोलन की सफलता पर छात्रों और युवाओं को बधाई दी।

सोहन महतो ने कहा कि छात्रों के लगातार संघर्ष का परिणाम है कि 14वीं जेपीएससी पीटी, जेएसएससी सीजीएल और टीडीपीएल कंपनी द्वारा आयोजित परीक्षाओं को रद्द किया गया। उन्होंने कहा कि झारखंड गठन के बाद से जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप सामने आते रहे हैं। ऐसे में छात्रों ने भर्ती परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर मजबूती से आंदोलन किया।
उन्होंने कहा कि देशभर में छात्रों और युवाओं के आंदोलनों ने व्यवस्था में बदलाव की जरूरत को सामने रखा है। झारखंड के छात्र भी अब यह समझ रहे हैं कि केवल सरकार बदलने से समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होगा, बल्कि व्यवस्था में व्यापक सुधार के लिए संघर्ष जरूरी है। इसी सोच के साथ जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म की मांग को लेकर आंदोलन को मजबूती मिली. AIDSO ने दावा किया कि आंदोलन के शुरुआती दौर से ही संगठन के कार्यकर्ताओं ने पूरे राज्य में प्रचार-प्रसार कर छात्रों को आंदोलन से जोड़ने और उन्हें एकजुट करने का प्रयास किया।
सार्वजनिक शिक्षा बचाने के लिए आंदोलन तेज करने की अपील…..
AIDSO ने आंदोलन की जीत पर छात्रों और युवाओं को बधाई देते हुए शिक्षकों की कमी, शैक्षणिक सत्र में अनियमितता, फीस वृद्धि, शिक्षा के निजीकरण एवं व्यावसायीकरण और नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 समेत विभिन्न मुद्दों के खिलाफ संघर्ष तेज करने की अपील की। संगठन ने छात्रों से सार्वजनिक शिक्षा बचाने की मांग को बुलंद करते हुए संगठित आंदोलन के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. AIDSO झारखंड राज्य कमेटी ने कहा कि छात्रों की एकजुटता और लगातार संघर्ष से ही शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।



























































