श्याम नगर, कुंवर बस्ती, राम नगर और करीम सिटी कॉलेज के पीछे के इलाकों में पहुंचकर लिया जायजा
जमशेदपुर : लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर से मानगो के कई इलाकों में उत्पन्न जलजमाव और बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने मंगलवार को पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। दोनों ने श्याम नगर, कुंवर बस्ती, राम नगर तथा करीम सिटी कॉलेज के पीछे के इलाकों का दौरा कर स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।

स्थानीय लोगों ने जलजमाव, घरों में पानी घुसने, आवागमन में परेशानी और राहत सामग्री की जरूरत से संबंधित समस्याओं से दोनों को अवगत कराया। लोगों की समस्याएं सुनने के बाद मेयर सुधा गुप्ता ने नगर निगम के अधिकारियों और राहत-बचाव दल को प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य युद्धस्तर पर तेज करने का निर्देश दिया. मेयर ने अधिकारियों से कहा कि जलजमाव वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए। जहां भी जरूरत हो, वहां तत्काल रेस्क्यू टीम और आवश्यक संसाधन पहुंचाए जाएं। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों को चिह्नित कर जरूरत के अनुसार सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ सूखा राशन, पेयजल और अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा टीम को भी तैयार रखने का निर्देश दिया।
लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : बन्ना…..
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने अधिकारियों से कहा कि संकट की इस घड़ी में लोगों की सुरक्षा और तत्काल राहत प्रशासन एवं नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और राहत कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि जलस्तर बढ़ने या किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन एवं नगर निगम की टीम का सहयोग करें। साथ ही जोखिम वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से जाने से बचने की अपील की।
स्थायी समाधान पर भी जोर…..
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि नगर निगम की टीम 24 घंटे स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जलस्तर, जलजमाव और प्रभावित बस्तियों की स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि तत्काल राहत पहुंचाने के साथ-साथ जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी आवश्यक योजनाओं पर काम किया जाएगा, ताकि भविष्य में लोगों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े. दौरे के दौरान नगर निगम के संबंधित अधिकारी, राहत एवं बचाव दल के सदस्य तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



























































