जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर ने मंगलवार को गोलमुरी थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. SSP ने थाना की विधि-व्यवस्था, लंबित कांडों, अभिलेखों तथा पुलिस पदाधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने थाना परिसर, हाजत एवं अन्य महत्वपूर्ण शाखाओं का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान SSP ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
SSP ने पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को आम लोगों की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने तथा फरियादियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्यप्रणाली में तत्परता, जवाबदेही और जनसरोकार को प्राथमिकता मिलनी चाहिए. औचक निरीक्षण के दौरान थाना की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए SSP ने अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार गश्त, अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी और किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।




