जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। कपाली निवासी 12 वर्षीय हरीश बिरुली की ब्रेन मलेरिया से मौत हो गई। बच्चे का इलाज जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में चल रहा था। तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां जांच के दौरान ब्रेन मलेरिया की पुष्टि हुई. डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल लाए जाने के समय ही बच्चे की स्थिति काफी गंभीर थी। उसे तत्काल पीआईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी और उपचार में जुटी रही, लेकिन देर रात उसकी हालत अचानक और बिगड़ गई। तमाम चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। चिकित्सकों ने उपचार शुरू करने के साथ ही परिजनों को बच्चे की गंभीर स्थिति से अवगत करा दिया था। मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम पसरा हुआ है।

एक दिन में 29 नए मलेरिया संक्रमित……
जिले में मलेरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को जिले में कुल 2,952 लोगों की मलेरिया जांच की गई। जांच में 29 लोग संक्रमित पाए गए। इनमें 23 मरीजों में पीएफ मलेरिया की पुष्टि हुई, जिसे मलेरिया का गंभीर रूप माना जाता है। वहीं, छह मरीजों में पीवी मलेरिया पाया गया. पोटका क्षेत्र में भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया। यहां 673 लोगों की जांच की गई, जिनमें छह लोग मलेरिया संक्रमित मिले। विभाग की टीमें प्रभावित इलाकों में लगातार जांच करने के साथ लोगों को मच्छरों से बचाव और बीमारी के लक्षणों को लेकर जागरूक कर रही हैं।
डेंगू ने भी बढ़ाई चिंता, 15 वर्षीय किशोर संक्रमित…..
मलेरिया के साथ-साथ जिले में डेंगू का खतरा भी बढ़ता नजर आ रहा है। जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के किशोरीनगर निवासी 15 वर्षीय किशोर की डेंगू जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसका इलाज टीएमएच में चल रहा है. बताया गया कि किशोर को पिछले कुछ दिनों से तेज बुखार, सिरदर्द और शरीर में दर्द की शिकायत थी। इसके बाद उसकी जांच कराई गई। एलाइजा टेस्ट में डेंगू की पुष्टि हुई। इस नए मामले के सामने आने के बाद जिले में इस वर्ष डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील…..
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से मच्छरों से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को घर और आसपास के इलाकों में साफ-सफाई रखने, पानी जमा नहीं होने देने तथा बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी गई है। बारिश के मौसम में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के कारण स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।



























































