जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पानी टंकी के पास शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 37 वर्षीय सुशील शाह की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुशील शाह बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्होंने बाइक पर से नियंत्रण खो दिया और बाइक सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जोरदार टकरा गई।

हादसे में सुशील शाह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की सहायता से घायल को ऑटो और पीसीआर वैन के माध्यम से इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद शव को एमजीएम अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान उसके पास मिले पैन कार्ड के आधार पर सुशील शाह, उम्र 37 वर्ष के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस उनके परिजनों का पता लगाने में जुटी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
