जमीन की चौहद्दी से अधिक क्षेत्र के इस्तेमाल की जांच, अतिक्रमण को लेकर कंपनी ने की मापी
जमशेदपुर : शहर के बिष्टुपुर स्थित पीएम मॉल के खिलाफ टाटा स्टील ने कार्रवाई की है। शुक्रवार को कंपनी के अधिकारियों ने मॉल परिसर पहुंचकर जमीन की मापी की। इसके बाद मॉल के पिछले दरवाजे को लाल कपड़े से सील कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, टाटा स्टील के अधिकारियों ने जमीन की चौहद्दी और मॉल प्रबंधन द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे क्षेत्र की जांच की। मापी के बाद मॉल के पिछले दरवाजे को सील किया गया। बताया जा रहा है कि उक्त दरवाजा नक्शे में दर्ज नहीं है और निर्धारित क्षेत्र से अलग दिशा में खोला गया है। हालांकि, इस संबंध में टाटा स्टील की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

पहले भी दिया गया था 2.23 करोड़ रुपये का नोटिस
गौरतलब है कि पीएम मॉल प्रबंधन को इससे पहले टाटा स्टील की ओर से 2.23 करोड़ रुपये का नोटिस दिए जाने की जानकारी सामने आई थी। इस नोटिस के माध्यम से सेस की बकाया राशि का भुगतान करने की मांग की गई थी। हालांकि, मौजूदा कार्रवाई को बकाया राशि से जुड़ा हुआ नहीं बताया जा रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई जमीन की निर्धारित चौहद्दी से अधिक क्षेत्र के इस्तेमाल की जांच के सिलसिले में की गई है।
कितनी जमीन का हुआ अतिरिक्त इस्तेमाल, स्थिति स्पष्ट नहीं
जमीन की मापी के बाद कितने अतिरिक्त क्षेत्र का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है। इस मामले में टाटा स्टील और पीएम मॉल प्रबंधन का पक्ष सामने आना बाकी है। दोनों पक्षों की प्रतिक्रिया मिलने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
