जमशेदपुर : देश के महान उद्योगपति एवं समाजसेवी पद्म विभूषण रतन टाटा जी की दूसरी पुण्यतिथि के अवसर पर EYA Foundation के सदस्यों ने जमशेदपुर ब्लड बैंक पहुँचकर रक्तदान किया। इस पहल के माध्यम से सदस्यों ने रतन टाटा जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर सुमित, सुमन, चीकू, अभिषेक झा, सुजीत दास एवं दीपक मिश्रा ने रक्तदान किया। इस खास अवसर पर जमशेदपुर ब्लड बैंक के वरीय पदाधिकारी संजय चौधरी जी भी मौजूद रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला और EYA Foundation के सदस्यों की इस पहल की सराहना की।
EYA Foundation के संस्थापक दीपक मिश्रा ने कहा कि रतन टाटा जी का जीवन सेवा, मानवता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की प्रेरणा देता है।
“रतन टाटा जी ने अपने कार्यों से लाखों लोगों के जीवन को प्रभावित किया। उनके विचारों से प्रेरणा लेते हुए हमारा प्रयास है कि सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जाए। रक्तदान एक ऐसा कार्य है, जो सीधे किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में सहायक बन सकता है।”
EYA Foundation की ओर से कहा गया कि संस्था आगे भी रक्तदान सहित विभिन्न सामाजिक सेवा गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
