विजयपुरा : कर्नाटक के विजयपुरा स्थित भूतनाल झील में बुधवार को एक महिला और उसके पांच बच्चों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने प्रथमदृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निंबार्गी के अनुसार, आदर्श नगर थाना क्षेत्र की भूतनाल झील से शोभा (35) और उसके पांच बच्चों—विद्या (15), सुवर्णा (13), तिप्पराया (12), सानिका (10) और विकास (6)—के शव बरामद किए गए हैं। बुधवार सुबह करीब पौने नौ बजे पुलिस को झील में छह शव पड़े होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शवों को झील से बाहर निकाला।
पुलिस के मुताबिक, शोभा के पति मल्लिकार्जुन जलगेरी ने 24 अगस्त को विजयपुरा ग्रामीण थाने में पत्नी और बच्चों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि घरेलू विवाद के बाद शोभा अपने बच्चों के साथ घर से चली गई थी. जांच में सामने आया कि शोभा सुबह करीब छह बजे चार बच्चों के साथ घर से निकली थी। इसके बाद वह एक छात्रावास पहुंची, जहां से उसने अपने सबसे छोटे बच्चे को भी साथ ले लिया। सबसे छोटे बच्चे को सुनने में परेशानी थी। पुलिस ने शोभा और बच्चों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस के अनुसार, सभी मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गए थे।
एसपी निंबार्गी ने कहा कि शव झील में एक स्थान से दूसरे स्थान तक हवा और लहरों के कारण बहकर भी पहुंचे हो सकते हैं। ऐसे में पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की रिपोर्ट से मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है. पुलिस परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ करेगी। शोभा के पति के बारे में पुलिस ने बताया कि वह खेतीहर मजदूर है. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
