जमशेदपुर । अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए सोने-चांदी, आभूषण, हीरे-जवाहरात, कीमती पत्थरों और राशि की कथित चोरी के मामले को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी ने गंभीर चिंता जताई है। कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रपति को संबोधित पत्र पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त के माध्यम से भेजा गया। पत्र में कहा गया है कि भगवान श्रीराम के प्रति आस्था और श्रद्धा के कारण देशभर से भक्त मंदिर में बड़ी मात्रा में चढ़ावा अर्पित करते हैं। ऐसे में चढ़ावे की कथित चोरी से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं और उनकी धार्मिक आस्था को गहरा आघात पहुंचा है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गंभीर जांच कराई जाए। साथ ही कथित चोरी में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल लोगों के अलावा यदि किसी प्रभावशाली व्यक्ति की भूमिका, संरक्षण या साजिश सामने आती है, तो उसकी भी जांच कर पहचान सुनिश्चित की जाए। पत्र में यह आशंका भी जताई गई है कि प्रभावशाली लोगों द्वारा जांच को प्रभावित करने का प्रयास किया जा सकता है। कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मामले पर विशेष ध्यान देने तथा जांच को निष्पक्ष एवं प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
जिला कांग्रेस कमिटी ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले में सच्चाई सामने आना और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होना आवश्यक है। कांग्रेस ने श्रद्धालुओं के विश्वास और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए पूरे मामले में पारदर्शिता बरतने की मांग की है।
