जमशेदपुर : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर गुरुवार को छात्राओं ने वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के कार्यालय कक्ष में पहुंचकर उन्हें राखी बांधी। छात्राओं ने राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के प्रतीक इस पर्व की शुभकामनाएं दीं और एसएसपी के प्रति स्नेह, सम्मान एवं आत्मीयता व्यक्त की. इस दौरान छात्राओं ने पुलिस प्रशासन की ओर से समाज में सुरक्षा, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। रक्षाबंधन के अवसर पर पुलिस अधिकारी और छात्राओं के बीच भाई-बहन के स्नेह का भाव देखने को मिला।


एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने छात्राओं को निर्भीक होकर आगे बढ़ने तथा शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि छात्राएं अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें और आत्मविश्वास के साथ अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें। इस अवसर पर एसएसपी ने छात्राओं को आशीर्वाद एवं उपहार प्रदान किए तथा उनके सुरक्षित, सफल और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
