चतरा। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस पदाधिकारी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2.05 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अफीम लेकर पंजाब जाने की फिराक में था। पुलिस को 26 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि चतरा-गया मुख्य मार्ग से एक व्यक्ति अवैध अफीम लेकर पंजाब जाने वाला है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर चतरा सन्नी वर्धन के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।

टीम ने चतरा-गया मुख्य मार्ग स्थित लरकुआ मोड़ के पास संदिग्ध युवक को देखा। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा। सशस्त्र बल के सहयोग से पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि वह अवैध अफीम लेकर पंजाब जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने विधिवत तलाशी ली, जिसमें दो मौजा में प्लास्टिक के पैकेटों में रखी कुल 2.05 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी के पास से 3,150 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी
- गिरफ्तार युवक की पहचान पवन कुमार यादव (19 वर्ष), पिता- युगल यादव, निवासी कोलकोले, थाना लावालौंग, जिला चतरा के रूप में हुई है।
- पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर NDPS Act की धाराओं के तहत सदर थाना कांड संख्या 362/2026 दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद अफीम कहां से लाई गई थी और इसे पंजाब में किसे पहुंचाया जाना था।
छापामारी दल में शामिल अधिकारी
- सन्नी वर्धन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर चतरा
-
अनिल उरांव, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी, सदर थाना चतरा
-
पुलिस अवर निरीक्षक राहुल सिंह, सदर थाना चतरा
-
सदर थाना के सशस्त्र बल
पुलिस की इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
