टोंटो थाना क्षेत्र के केन्जरा टोला तारोबबुरु गांव की घटना, दो संदिग्ध गिरफ्तार, निशानदेही पर खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या तक पहुंच गया। केन्जरा टोला तारोबबुरु गांव में एक परिवार के पति, पत्नी और उनके 12 वर्षीय बेटे की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए तीनों शवों को कथित रूप से छिपा दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। उनकी निशानदेही पर तीनों शव बरामद किए गए हैं। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कथित खून से सनी कुल्हाड़ी भी जब्त की है।

रिश्तेदार की शिकायत पर शुरू हुई जांच……
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को मामले की जानकारी सामने आई। मृतकों की रिश्तेदार रमिया दोरायबुरु ने टोंटो थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में जमीन विवाद और पुरानी रंजिश को हत्या की आशंका का कारण बताते हुए परिवार के तीन सदस्यों के लापता होने की जानकारी दी गई थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतकों की पहचान राजिन दोरायबुरु, उनकी पत्नी जानो दोरायबुरु (लगभग 38 वर्ष) और उनके 12 वर्षीय बेटे कांण्डे दोरायबुरु के रूप में हुई। तीनों केन्जरा टोला तारोबबुरु गांव के निवासी थे।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम……
घटना की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर एसडीपीओ जगन्नाथपुर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने गांव और आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश शुरू की. इसी क्रम में पुलिस ने बोंज दोरायबुरु (लगभग 19 वर्ष) और मुचिया दोरायबुरु (लगभग 20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में सामने आया हत्या का मामला……
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने जमीन विवाद को लेकर हत्या किए जाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर उस स्थान पर छापेमारी की, जहां तीनों शवों को कथित तौर पर छिपाकर रखा गया था. पुलिस टीम ने मौके से तीनों शव बरामद किए। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई कथित खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर जब्त कर ली गई। पुलिस अब हत्या के पीछे जमीन विवाद की पूरी पृष्ठभूमि और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।
न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी……
मामले में पुलिस की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या की वारदात में दोनों की वास्तविक भूमिका क्या रही और घटना में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
छापेमारी टीम में शामिल रहे पुलिस अधिकारी……
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में झींकपानी अंचल के पुलिस निरीक्षक प्रेमचन्द्र भगत, टोंटो थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक रणधीर कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विजय कुजूर समेत टोंटो थाना का रिजर्व गार्ड बल शामिल था. पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर तीनों शव बरामद कर लिए गए हैं। अब पुलिस की जांच का फोकस जमीन विवाद की पूरी पृष्ठभूमि, हत्या के कारण और वारदात में संभावित अन्य लोगों की भूमिका पर है।
