मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित श्री कृष्णा उद्यान की घटना, महिला समेत तीन आरोपियों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप
जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित श्री कृष्णा उद्यान में एक महिला को बंधक बनाकर लूटपाट किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक महिला समेत तीन बदमाश फ्लैट में घुसे और वहां मौजूद लीलावती अम्मा को बंधक बना लिया। आरोप है कि बदमाशों ने करीब आधे घंटे तक उन्हें बंधक बनाए रखा। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और दबाव बनाकर गले से सोने की चेन तथा कान की बालियां उतरवा ली गईं।

लूट के बाद बालकनी में किया बंद……
बताया जाता है कि लूटपाट करने के बाद तीनों बदमाशों ने लीलावती अम्मा को फ्लैट की बालकनी में बंद कर दिया और मौके से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद महिला ने बालकनी से शोर मचाकर पड़ोसियों से मदद की गुहार लगाई। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें बालकनी से बाहर निकाला।
घटना के बाद इलाके में दहशत……
दिनदहाड़े फ्लैट में घुसकर महिला को बंधक बनाने और लूटपाट की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मानगो थाना पुलिस को दिए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और बदमाशों की पहचान तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित सुरागों की जांच की जा रही है। पुलिस घटना के संबंध में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है. फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर और लूटे गए सामान की वास्तविक जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।