गोड्डा। महागामा थाना क्षेत्र के ऊर्जानगर में 15/16 अगस्त की रात हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में कन्हैया कुमार यादव उर्फ कन्हैया (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। उसके घर से चोरी किए गए ₹4.50 लाख नकद समेत बड़ी मात्रा में चांदी और सोने जैसे आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, ऊर्जानगर निवासी एक व्यक्ति के घर में अज्ञात चोरों ने प्रवेश कर नकदी और आभूषण चोरी कर लिए थे। मामले में महागामा थाना कांड संख्या 156/2026 दर्ज किया गया था। घटना के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक, गोड्डा के निर्देश पर SDPO महागामा के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया था।

SIT ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर 1 सितंबर को पूर्व में चोरी के मामलों में संलिप्त रहे महागामा निवासी कन्हैया कुमार को पूछताछ के लिए थाना लाया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपी ने ऊर्जानगर में हुई चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और चोरी के सामान के संबंध में जानकारी दी। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर में छापेमारी की गई, जहां से ₹4 लाख के 500 रुपये के नोट, ₹50 हजार के 100 रुपये के नोट, चांदी जैसे आभूषणों का करीब 1 किलो 131 ग्राम वजन तथा सोने जैसे आभूषणों का करीब 24.40 ग्राम वजन बरामद किया गया। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का छोटा सब्बल भी बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि चोरी की रकम में से कुछ पैसे उसने शराब और जुआ खेलने में खर्च कर दिए हैं। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वह तीन मामलों में जेल जा चुका है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद मंडल कारा, गोड्डा भेजा जा रहा है।
बरामदगी
- ₹4,50,000 नकद
-
चांदी जैसे आभूषण — करीब 1 किलो 131 ग्राम
-
सोने जैसे आभूषण — करीब 24.40 ग्राम
-
लोहे का छोटा सब्बल
पूर्व का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ महागामा थाना में वर्ष 2021, 2022 और 2025 में तीन मामले दर्ज हैं, जिनमें आरोप पत्र भी न्यायालय में समर्पित किया जा चुका है। कार्रवाई में महागामा प्रभाग के पुलिस निरीक्षक उपेन्द्र कुमार महतो, थाना प्रभारी अभिनव आनंद सहित महागामा थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल रहे।
