मुरी। अभ्यर्थी न्याय मंच के बैनर तले चल रही भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा बुधवार को मुरी के सिंगपुर चौक पहुंची। यहां यात्रा में शामिल देवेंद्र महतो एवं अन्य लोगों ने स्वर्गीय विष्णु चरण महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। माल्यार्पण के बाद देवेंद्र महतो ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि “यह लड़ाई घर-घर की लड़ाई है और बच्चों के भविष्य की लड़ाई है।” उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि युवाओं को उनका अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरी बेची जा रही है, जिसके खिलाफ अभ्यर्थी न्याय मंच लगातार आवाज उठा रहा है।

देवेंद्र महतो ने कहा कि भर्ती व्यवस्था में सुधार और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से यह यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि यात्रा सिल्ली से होते हुए बंता राहे, बुंडू और तमाड़ तक जाएगी। यात्रा के दौरान मुरी क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इनमें कृष्णा महतो, सिरिया महतो, जाकिर खान, महेश महतो, संजय महतो, खुदीराम महतो सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। इस दौरान युवाओं और अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में सुधार, पारदर्शिता और निष्पक्ष व्यवस्था की मांग को लेकर अपना समर्थन जताया।
रिपोर्ट : रिंकी कुमारी
