घाटशिला। लगातार हो रही बारिश के कारण स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच मंगलवार सुबह धालभूमगढ़ के देरांग घाट के पास नदी में मगरमच्छ दिखाई देने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी किनारे मगरमच्छ को तैरते देख ग्रामीणों में कौतूहल के साथ-साथ डर का माहौल बन गया।ग्रामीणों के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे मगरमच्छ नदी में तैरता हुआ नजर आया। इसकी खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे पहुंच गए। लोगों के शोर मचाने पर मगरमच्छ कुछ देर तक पानी से अपना मुंह बाहर निकालता रहा, लेकिन बाद में गहरे पानी में चला गया और नजरों से ओझल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही धालभूमगढ़ थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ देरांग घाट पहुंचे। पुलिस टीम ने नदी के विभिन्न घाटों का जायजा लिया और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से नदी किनारे नहीं जाने और मगरमच्छ से किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि मगरमच्छ को देखने के लिए भीड़ जुटाने, स्टंट करने या उसे उकसाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
घटना की सूचना वन विभाग को भी दे दी गई है, ताकि मगरमच्छ की निगरानी और लोगों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा सकें। पुलिस ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और नदी के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है।
