पोटका : एनजीटी की रोक के बावजूद कोवाली थाना क्षेत्र में बालू का अवैध परिवहन और तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर मुसाबनी डीएसपी रोहित रजवार और कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव की टीम ने शुक्रवार सुबह हाता-तिरिंग राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-220 पर ओडिशा-झारखंड सीमा के समीप महाकाल ढाबा के पास कार्रवाई करते हुए अवैध बालू लदे एक हाइवा को जब्त किया। जब्त हाइवा का नंबर जेएच05बीजे-8720 बताया गया है।

बताया जाता है कि मुसाबनी डीएसपी द्वारा अवैध बालू परिवहन के खिलाफ एक माह के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 5 अगस्त को पोटका थाना क्षेत्र के जुड़ी पंचायत अंतर्गत तिरिंग गांव में एक ढाबे के पीछे से अवैध बालू लदा हाइवा जब्त किया गया था। लगातार हुई इन कार्रवाइयों से क्षेत्र में रात के अंधेरे में बालू के अवैध परिवहन की गतिविधियों पर सवाल उठ रहे हैं।
जिला खनन पदाधिकारी को कार्रवाई के लिए भेजा गया पत्र
कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव ने बताया कि मुसाबनी डीएसपी के साथ समन्वय स्थापित कर गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें बालू लदा हाइवा जब्त किया गया। मामले में अग्रतर कार्रवाई के लिए जिला खनन पदाधिकारी को पत्र भेजा गया है। जब्त हाइवा को सुरक्षा के दृष्टिकोण से थाना परिसर में रखा गया है।
रात के अंधेरे में बालू परिवहन का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनजीटी की रोक के बावजूद पोटका और कोवाली थाना क्षेत्र में बालू का अवैध परिवहन जारी है। लोगों के मुताबिक, रात करीब तीन बजे से सुबह पांच बजे के बीच हाता गोलचक्कर और आसपास के इलाकों में बालू लदे वाहनों की आवाजाही देखी जाती है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि ओडिशा सीमा से बालू लोड कर कई वाहन झारखंड की ओर आते हैं। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई की सूचना मिलते ही कुछ वाहनों के रास्ता बदलने की बात भी सामने आई है।
डीएसपी की कार्रवाई से तस्करों में खलबली
5 अगस्त की कार्रवाई के दौरान भी ओडिशा सीमा के समीप कई वाहनों में बालू लोड किए जाने की सूचना सामने आई थी। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही कुछ वाहनों को कथित तौर पर दूसरे रास्ते से भेज दिया गया था। शुक्रवार की कार्रवाई के दौरान भी तिरिंग सीमा के आसपास कुछ वाहनों को डायवर्ट किए जाने की बात कही जा रही है। क्षेत्र में सक्रिय कथित बालू सिंडिकेट पर कार्रवाई की मांग स्थानीय स्तर पर उठती रही है। वहीं, मुसाबनी डीएसपी द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से बालू के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मची हुई है। पुलिस का कहना है कि अवैध बालू परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
