धनबाद : टुंडी थाना क्षेत्र के लछुरायडीह पंचायत अंतर्गत काजी टोला, बादलपुर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 24 वर्षीय जाहिद अंसारी मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक का कहना था कि वह सिस्टम और अपनी निजी परेशानियों से परेशान है और मुख्यमंत्री से सीधे बात करना चाहता है। मुख्यमंत्री से बात नहीं होने पर उसने डुमरी विधायक जयराम महतो से बात कराने की मांग रखी. युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने लगातार उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाया, लेकिन जाहिद अपनी मांग पर अड़ा रहा. काफी देर तक चले समझाने के बाद युवक टावर से नीचे उतरा। इसके बाद उसने मीडिया के सामने अपनी परेशानियों का जिक्र किया। हालांकि उसकी समस्या की पूरी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

थाना प्रभारी ने युवाओं को दी नसीहत……
टुंडी थाना प्रभारी उमाशंकर ने युवाओं से अपील की कि अपनी समस्याओं के समाधान के लिए किसी भी तरह का जानलेवा कदम न उठाएं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर चर्चा या ज्यादा व्यूज के लिए जोखिम उठाना खतरनाक हो सकता है। परेशानी कितनी भी बड़ी हो, उसके समाधान के लिए कानून और प्रशासन का रास्ता अपनाना चाहिए।
