जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह में सोमवार की शाम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि पेट्रोल पंप के पीछे कुछ युवक संदिग्ध अवस्था में बैठे हैं और उनके पास हथियार होने की आशंका है। सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को पकड़ लिया. घटना सोमवार शाम करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी कि कुछ युवक पेट्रोल पंप के पीछे बैठकर शराब का सेवन कर रहे हैं और उनकी गतिविधियां संदिग्ध हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

बताया जाता है कि पुलिस टीम सादे कपड़ों में मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवकों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान विलियम और रॉबर्ट के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान विलियम के पास से एक हथियार और कारतूस बरामद होने की बात सामने आई है। इसके बाद दोनों युवकों को सिदगोड़ा थाना लाकर पूछताछ शुरू की गई।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से आया और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। साथ ही दोनों युवकों के आपराधिक इतिहास, संभावित आपराधिक गतिविधियों और किसी गिरोह से संबंध होने की भी जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पूछताछ और बरामदगी से संबंधित जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद बारीडीह इलाके में चर्चा का माहौल है. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित आपराधिक घटना को लेकर उठ रहे सवालों की जांच अब तेज हो गई है।
