जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के संजय पथ स्थित एक अपार्टमेंट के फ्लैट में पिछले कई महीनों से कथित तौर पर सेक्स रैकेट संचालित किए जाने का आरोप सामने आने के बाद इलाके में हलचल तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने फ्लैट में ताला जड़ते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि, सेक्स रैकेट संचालित होने, नाबालिगों को बहला-फुसलाकर गलत गतिविधियों में शामिल करने अथवा अन्य लगाए गए आरोपों की पुलिस या प्रशासन की ओर से अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि फ्लैट में रहने वाली महिला को लेकर लंबे समय से आपत्तियां सामने आती रही हैं। लोगों का दावा है कि महिला कथित तौर पर अपने रांची में बड़े अधिकारियों से संपर्क होने की बात कहकर शिकायत करने वालों को धमकाती थी। स्थानीय लोगों ने इन दावों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

नाबालिगों को लेकर गंभीर आरोप…..
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि महिला कथित तौर पर नाबालिगों को बहला-फुसलाकर गलत गतिविधियों में शामिल करती है। लोगों के मुताबिक, फ्लैट को लेकर पहले भी विवाद सामने आया था और महिला को वहां से हटाया गया था। हालांकि, बाद में फ्लैट मालिक की अनुमति से उसके दोबारा वहां रहने की बात सामने आ रही है।
किशोर के फ्लैट में पहुंचने के बाद बढ़ा विवाद……
मामला उस समय और चर्चा में आ गया, जब अपार्टमेंट में रहने वाला एक नाबालिग रात के समय दोस्त के परेशानी में होने की बात कहकर घर से निकला। परिजनों ने उसका पीछा किया तो उसके संजय पथ स्थित उक्त फ्लैट में पहुंचने की बात सामने आई. स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के बाद किशोर की मां ने संबंधित फ्लैट में ताला लगा दिया था। आरोप है कि बाद में महिला ने ताला तोड़ दिया और किशोर को अपने साथ बाहर ले गई। इस घटना के बाद अपार्टमेंट के लोगों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग उठाई।
जांच के बाद ही साफ होगी सच्चाई……
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने तथा लगाए जा रहे आरोपों की सत्यता सामने लाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए. फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की आधिकारिक जांच या बयान सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि फ्लैट में वास्तव में किसी अवैध गतिविधि का संचालन किया जा रहा था या नहीं।
