जमशेदपुर। समाहरणालय सभागार में शनिवार को उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।उपायुक्त ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार लाने के निर्देश दिए। जिले में ब्लड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इस माह सभी प्रखंडों में सामाजिक, व्यावसायिक एवं औद्योगिक संस्थानों के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित करने को कहा गया।

मलेरिया नियंत्रण को लेकर लगातार जांच अभियान चलाने तथा समय पर जांच, उपचार और मरीजों का फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं टीकाकरण कार्यक्रम में छूटे बच्चों एवं परिवारों की पहचान कर उन्हें नियमित टीकाकरण से जोड़ने पर जोर दिया गया। कुपोषण प्रबंधन की समीक्षा के दौरान बहरागोड़ा, घाटशिला, मुसाबनी, पोटका एवं टेल्को स्थित एमटीसी में बेड ऑक्यूपेंसी बढ़ाने और पात्र बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। प्रोजेक्ट उल्लास के तहत मिर्गी रोगियों की पहचान, उपचार एवं नियमित फॉलोअप के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने को कहा गया।
सदर अस्पताल एवं घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में संचालित डायलिसिस सेवाओं को निर्बाध रखने, मशीनों के नियमित रखरखाव एवं मरम्मत कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिले में शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों में स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में डेंगू, टीबी, कुष्ठ उन्मूलन, एनीमिया मुक्त भारत एवं फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्क्रीनिंग, जांच और उपचार सेवाओं को मजबूत करने तथा स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, डॉ. रंजीत पांडा, डॉ. मृत्युंजय धावड़िया, सभी एमओआईसी सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
