जमशेदपुर : पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में आत्मसमर्पण करने वाले कुख्यात नक्सली राम प्रसाद मार्डी उर्फ महादेव उर्फ सचिन की निशानदेही पर शनिवार को बांकुड़ा पुलिस ने दलमा के जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस टीम सचिन को साथ लेकर चांडिल पहुंची और स्थानीय सुरक्षा बलों के सहयोग से दलमा पहाड़ के दुर्गम इलाकों में संभावित नक्सली ठिकानों को खंगाला।

जानकारी के अनुसार, सचिन ने जंगल में हथियार और गोला-बारूद छिपाए जाने वाले संभावित स्थानों की जानकारी पुलिस को दी थी। इसके बाद बांकुड़ा पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जवानों और वाहनों के साथ अभियान शुरू किया गया। घने जंगल और दुर्गम इलाकों में जवानों ने काफी देर तक सर्च ऑपरेशन चलाया. हालांकि, अभियान के दौरान हथियार या गोला-बारूद बरामद हुआ या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि देर रात तक नहीं हुई थी।
पहले भी मिल चुके हैं हथियार…..
दलमा और चांडिल के आसपास के जंगल लंबे समय से नक्सली गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील रहे हैं। पूर्व में भी नक्सलियों की निशानदेही पर इन जंगलों से हथियार और कारतूस बरामद किए जा चुके हैं। ऐसे में आत्मसमर्पित नक्सली सचिन की सूचना पर चलाया गया यह अभियान सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
