7-8 लड़कियों के शोषण का दावा, रेकी और धमकी मिलने की बात कहकर SSP से मांगी सुरक्षा; खान सर की टीम ने आरोपों को बताया छवि खराब करने की कोशिश
पटना : खान ग्लोबल स्टडीज के डायरेक्टर और शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर एक बार फिर विवादों में हैं। निखिल कोचिंग के डायरेक्टर निखिल कुमार ने खान सर पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि 7 से 8 लड़कियां उनके संपर्क में हैं, जो खुद को प्रताड़ित महसूस करती हैं और इंसाफ चाहती हैं। निखिल कुमार ने कहा कि वह जल्द ही इन मामलों से जुड़े तथ्यों और कथित सबूतों को सामने लाएंगे।

शनिवार को पटना के एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर निखिल कुमार ने आरोप लगाया कि खान सर से जुड़े मामलों को सामने लाने के बाद उनकी रेकी कराई जा रही है और उन्हें धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने इस संबंध में पटना SSP से शिकायत कर सुरक्षा की मांग की है।
निखिल कुमार के मुताबिक, करीब एक महीने पहले उत्तर प्रदेश की एक युवती ने खान सर के खिलाफ पीरबहोर थाने में सुरक्षा को लेकर आवेदन दिया था। उनका दावा है कि युवती ने खान सर से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण राज जानने और अपनी सुरक्षा को लेकर खतरा महसूस होने की बात कही थी। निखिल कुमार ने उक्त युवती का समर्थन करने के बाद खुद को कथित तौर पर धमकियां मिलने का दावा किया है।
पैसे के ऑफर और रेकी का भी आरोप…..
निखिल कुमार ने आरोप लगाया कि मामले को दबाने के लिए उन्हें पैसे का ऑफर भी दिया गया, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। उन्होंने अपनी शिकायत में दावा किया कि 25 जून 2026 से शाहगंज स्थित निखिल कोचिंग के आसपास उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच और अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
कोचिंग पर कब्जे का भी आरोप……
निखिल कुमार ने खान सर पर कोचिंग की संपत्ति पर कब्जा करने का भी आरोप लगाया। उनका दावा है कि उन्होंने वर्ष 2014 में मुसल्लहपुर हाट स्थित विश्वनाथ मार्केट में निखिल कोचिंग शुरू की थी और इसी दौरान फैजल खान को पढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई थी। आरोप है कि वर्ष 2019 में साजिश और विश्वासघात के जरिए कोचिंग की संपत्ति पर कब्जा कर लिया गया। निखिल कुमार ने पुराने दस्तावेज होने का भी दावा किया है।
खान सर की टीम ने आरोपों को बताया बेबुनियाद…..
वहीं, खान सर फिलहाल पटना में नहीं हैं। उनकी टीम ने इन आरोपों को छवि खराब करने की कोशिश बताया है। टीम का कहना है कि खान सर को लगातार विवादों में घसीटा जा रहा है और उन्हें बेवजह निशाना बनाया जा रहा है। कोचिंग हड़पने के आरोप पर टीम ने कहा कि उनकी कोचिंग से अब तक करीब 50 शिक्षक पढ़ाकर जा चुके हैं और कई शिक्षकों ने बाद में अपनी कोचिंग शुरू की, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि खान सर ने किसी की कोचिंग हड़प ली।
महत्वपूर्ण : निखिल कुमार द्वारा लगाए गए शोषण, धमकी, रेकी और संपत्ति कब्जे के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। पुलिस जांच या न्यायिक प्रक्रिया में सामने आने वाले तथ्यों से ही इन आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होगी।
