आदित्यपुर : राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग (भारत सरकार) के निर्देश पर बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को श्रम विभाग, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), चाइल्ड हेल्पलाइन, आरआईटी थाना तथा युवा संस्था की संयुक्त टीम ने आरआईटी थाना क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान चार नाबालिग बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया गया।



अभियान के दौरान एनआईटी रोड स्थित रोहित स्वीट्स से दो नाबालिग बच्चों को तथा अंबेडकर चौक के समीप एक वॉशिंग सेंटर से दो अन्य नाबालिगों को रेस्क्यू किया गया। सभी बच्चों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया. संयुक्त टीम ने संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को बाल श्रम कानूनों के उल्लंघन को लेकर सख्त चेतावनी दी तथा कानूनी कार्रवाई के लिए आवश्यक विवरण भी एकत्रित किया।
बाल कल्याण समिति के सदस्य सैयद अयाज़ हैदर ने कहा कि किसी भी प्रतिष्ठान में बाल श्रम निषेध एवं विनियमन अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से किसी भी प्रकार का कार्य कराना कानूनन अपराध है। साथ ही दुकानदारों एवं अन्य प्रतिष्ठानों को नाबालिग बच्चों को नियोजित नहीं करने तथा इससे संबंधित सूचना प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया. छापेमारी अभियान में श्रम विभाग की श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी (एलईओ) रूबी कुमारी, बाल कल्याण समिति के सदस्य सैयद अयाज़ हैदर, चाइल्ड हेल्पलाइन की समन्वयक कविता मिश्रा, युवा संस्था के मुकेश कुमार पांडेय, चाइल्ड हेल्पलाइन के समीर कुमार महतो, सुखरंजन कुमार, बिट्टू प्रजापति तथा आरआईटी थाना के आनंद कुमार अपनी पेट्रोलिंग टीम के साथ मौजूद रहे।



