रांची : झारखंड स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष पद के चुनाव में वरिष्ठ अधिवक्ता अभय कुमार चतुर्वेदी (ए.के. चतुर्वेदी) ने जीत हासिल कर ली है। उनकी जीत के साथ ही अब झारखंड स्टेट बार काउंसिल की कमान नए नेतृत्व के हाथों में होगी। चुनाव परिणाम घोषित होते ही अधिवक्ताओं के बीच खुशी का माहौल देखा गया।
बुधवार, 4 नवंबर को रांची के डोरंडा स्थित झारखंड स्टेट बार काउंसिल कार्यालय में विभिन्न पदाधिकारियों के निर्वाचन के लिए मतदान कराया गया। अध्यक्ष पद के लिए अभय कुमार चतुर्वेदी और निलेश कुमार के बीच सीधा मुकाबला था। वहीं, इस पद के एक अन्य प्रत्याशी पवन रंजन खत्री ने मतदान से पूर्व ही अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली थी. पूरी चुनाव प्रक्रिया मुख्य चुनाव पदाधिकारी जस्टिस अंबुज नाथ की निगरानी में संपन्न हुई। चुनाव में कुल 26 मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना था। इनमें बार काउंसिल के 25 निर्वाचित सदस्य और झारखंड के महाधिवक्ता शामिल थे। मतदान संपन्न होने के बाद बुधवार को ही मतगणना कराई गई, जिसमें ए.के. चतुर्वेदी ने बाजी मारते हुए अध्यक्ष पद पर अपना कब्जा जमाया।
उनके अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद अब बार काउंसिल के कामकाज और आगामी योजनाओं को लेकर अधिवक्ताओं की निगाहें नए नेतृत्व पर टिकी हैं। इधर, उपाध्यक्ष और बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के प्रतिनिधि पद के चुनाव परिणामों को लेकर भी अधिवक्ताओं के बीच उत्सुकता बनी हुई है. ए.के. चतुर्वेदी की इस जीत को झारखंड के विधिक जगत में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।



