रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बुधवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में कोलकाता स्थित ऑस्ट्रेलियाई महावाणिज्य दूत बर्नार्ड लिंच ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग को और मजबूत करने को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में कौशल एवं तकनीकी शिक्षा, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन, खनिज, निवेश, खेल, पर्यटन तथा संस्कृति जैसे क्षेत्रों में संभावित सहयोग पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की प्राकृतिक संपदा, मानव संसाधन और समृद्ध आदिवासी विरासत ऑस्ट्रेलिया की विशेषज्ञता एवं संस्थानों के साथ सहयोग के लिए कई अवसर प्रदान करती है।
मुख्यमंत्री ने झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस संवाद को आगे बढ़ाने तथा आपसी हित वाले क्षेत्रों में साझेदारी को मजबूत करने की बात कही। मुलाकात के दौरान झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार तथा ऑस्ट्रेलियाई कॉन्सुलेट-जनरल, कोलकाता की वरिष्ठ अनुसंधान एवं भ्रमण अधिकारी एंजेलीना नायर भी मौजूद रहीं।




