चांडिल। नारायण प्राइवेट आईटीआई, लुपुंगडीह, चांडिल में आज भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना श्रद्धा एवं उत्साह के साथ धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर संस्थान परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई।

विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर संस्थान के छात्र-छात्राओं, प्रशिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा से सुख, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूजा के दौरान संस्थान परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक डॉ. जटाशंकर पांडेय ने भगवान विश्वकर्मा को नमन करते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा निर्माण, तकनीक, कला एवं शिल्प के प्रतीक हैं। आज के तकनीकी युग में विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर मेहनत, अनुशासन और कौशल के साथ अपने भविष्य का निर्माण करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आईटीआई जैसे तकनीकी शिक्षण संस्थान ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। नारायण प्राइवेट आईटीआई का उद्देश्य भी ग्रामीण एवं सुदूर क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
पूजा कार्यक्रम में संस्थान के छात्र-छात्राओं, प्रशिक्षकों, कर्मचारियों एवं आसपास के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, उत्साह एवं उल्लास का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित रहे संस्थान के प्रचार्य जयदीप पांडेय, एडवोकेट निखिल कुमार,शांति राम महतो, प्रकाश महतो, भगत लाल तेली, शशि भूषण महतो, देवाशीष मंडल,पवन महतो,अजय मंडल ,गौरव महतो,एवं सभी छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
