पटना : बिहार की राजधानी पटना के खुसरूपुर इलाके में शनिवार देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा क्षेत्र दहल उठा। पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी मिथुन कुमार को दबोच लिया गया। जानकारी के अनुसार, वह किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस की घेराबंदी के दौरान उसने फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे पैर में गोली लग गई और उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।



पुलिस को देखते ही अपराधी ने चलाई गोली…..
पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि हथियारबंद अपराधी फोरलेन पर शेख मोहम्मदपुर के पास घूम रहा है। खुसरूपुर एसएचओ के नेतृत्व में विशेष टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही मिथुन कुमार ने पिस्टल से गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घायल करने के बाद काबू में कर लिया। घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया गया। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी पुष्टि की गई है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, वहीं मिथुन को एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
25 हजार का इनामी, कई राज्यों में दर्ज मामले……
ग्रामीण एसपी अपराजित लोहान ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी मिथुन कुमार सालिमपुर थाना क्षेत्र के मझौली गांव का निवासी है और हत्या के प्रयास, लूट, डकैती व अवैध हथियार रखने जैसे कई गंभीर मामलों में वांछित है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा, झारखंड में भी लूट और आपराधिक घटना से संबंधित केस उसके खिलाफ दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह कई महीनों से सक्रिय था और विभिन्न जिलों में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।
हाल ही में दो भाइयों की हत्या का भी आरोप…..
पुलिस ने बताया कि मिथुन पिछले महीने रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के पिपरा इलाके में दो सगे भाइयों की हत्या के मामले में भी आरोपित है। इसके बाद से वह फरार चल रहा था और लगातार स्थान बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
घटना से इलाके में दहशत पुलिस ने बढ़ाई गश्त…..
मुठभेड़ की घटना के बाद खुसरूपुर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार रात में चली गोलियों की आवाज से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
